लखपति दीदियों की संख्या 3.5 लाख पहुंची, जल्द मिलेगी प्रोत्साहन राशि | पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव, ज्ञान, प्रतिभा और सहयोग से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे उत्तराखंडवासी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं और उनकी उपलब्धियां उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देशभर से पहुंचे प्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर में एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि भले ही प्रवासी उत्तराखंडी देश के अलग-अलग हिस्सों में रहते हों, लेकिन अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखंडियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित होंगे।
35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, 3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए भी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में अब तक 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी।
स्थानीय उत्पादों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमूर मिशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बेहतर विपणन से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
पेयजल और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पर्यटन, तीर्थाटन और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन को नई गति मिलेगी।
विकास में प्रवासियों की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बना सकती है और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकती है, लेकिन समग्र एवं संतुलित विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
गणमान्य अतिथियों ने भी रखे विचार
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय जहां दूरस्थ गांवों तक पहुंचना कठिन था, वहीं आज सड़क सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी अब अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए गांवों की ओर लौट रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को विश्व स्तर पर विशिष्ट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
विधायक विनोद चमोली ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।