गंगा घाटों तक आम लोगों की पहुंच सुगम रखने पर जोर, अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने के निर्देश | 200 मोबाइल टॉयलेट, 280 वाटर टैंकर और 200 सफाई वॉलंटियर रहेंगे तैनात
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और रविवार को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम वाराणसी पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ आम लोगों की सुविधा और गंगा घाटों तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए।
अनावश्यक बैरिकेडिंग न हो, घाटों तक पहुंच रहेगी आसान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, लेकिन आम लोगों की आवाजाही में अनावश्यक बाधा न आने पाए। उन्होंने गंगा घाटों तक पहुंच आसान बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने को कहा। साथ ही, प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जाम और आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
घाटों पर सफाई, पेयजल और शौचालय की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख मार्गों और सभी गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए पर्याप्त शौचालय, पीने का पानी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बैठक में बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई गई है। लोगों की सुविधा के लिए 200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, घाटों और प्रमुख मार्गों पर 2,000 डस्टबिन रखे जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 200 सफाई वॉलंटियर तैनात रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पड़े कूड़े को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के जरिए बताईं तैयारियां
बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतीकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के दौरान प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो और आम नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य फोकस: प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के दौरान सुरक्षा, सुगम यातायात, स्वच्छता और जनसुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वाराणसी आने वाले लोगों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक अनुभव उपलब्ध कराना।