काशी में आज पीएम मोदी, नमो घाट पर देखेंगे ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो; 150 करोड़ की औद्योगिक इकाई का भी करेंगे उद्घाटन - Seva Bharat Times

काशी में आज पीएम मोदी, नमो घाट पर देखेंगे ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो; 150 करोड़ की औद्योगिक इकाई का भी करेंगे उद्घाटन

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे में औद्योगिक विकास, महिला सशक्तीकरण और भारतीय वायुसेना की हवाई ताकत प्रमुख आकर्षण होंगे। प्रधानमंत्री मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमानों के रोमांचक हवाई करतब देखेंगे।

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ के अंतिम दिन गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों के जरिए हवाई शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी प्रस्तावित है।

150 करोड़ रुपये की लागत से बनी औद्योगिक इकाई का उद्घाटन

प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई के उद्घाटन से होगी। ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस इकाई में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। यहां तैयार उत्पादों को निर्यात करने की भी योजना है।

इस परियोजना को स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इकाई में करीब 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। प्रधानमंत्री यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी लगभग 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। औद्योगिक इकाई के शुरू होने से क्षेत्र में महिला रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नमो घाट पर गंगा के ऊपर दिखेगी वायुसेना की ताकत

औद्योगिक इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए नमो घाट जाएंगे। यहां वह ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रदर्शन देखेंगे। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में आयोजित इस एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमान अपनी उड़ान क्षमता, तकनीकी दक्षता और सामरिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

22 और 24 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के बाद 25 अक्टूबर को इस श्रृंखला का अंतिम एयर शो आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहरवासियों और पर्यटकों में उत्साह रहने की उम्मीद है। यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और देश की हवाई सुरक्षा में उसकी भूमिका को प्रदर्शित करेगा।

13 स्वागत बिंदुओं पर होगा प्रधानमंत्री का अभिनंदन

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत बिंदु बनाए गए हैं। इन स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

काशी की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइन के प्रवेश द्वार पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता स्वागत की जिम्मेदारी संभालेंगी।

कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी प्रस्तावित

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। इनके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा केंद्रीय गृह राज्यमंत्री संजय सेठ समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य मंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

एयर शो देखने के बाद प्रधानमंत्री के पुलिस लाइन से बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री का यह दौरा एक ओर वाराणसी में औद्योगिक निवेश और महिला रोजगार को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, तो दूसरी ओर भारतीय वायुसेना की क्षमता और देश की सामरिक ताकत को प्रदर्शित करने का अवसर भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *