तुनवाला में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह, आयुष्मान भारत समेत स्वास्थ्य योजनाओं की भी दी जानकारी

देहरादून। बलूनी हॉस्पिटल, देहरादून की ओर से रविवार, 04 अक्टूबर 2026 को पंचायत घर, तुनवाला, रायपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का उद्घाटन डॉ. उदय शंकर बलूनी एवं तुनवाला, रायपुर की पार्षद श्रीमती पूजा नेगी ने किया। इस दौरान विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

शिविर में डॉ. उदय शंकर बलूनी (एम.एस., लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. संदीप टंडन (एम.डी. मेडिसिन एवं वरिष्ठ फिजिशियन), डॉ. रुचि कर्नाटक (एम.एस., स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रणिता उनियाल (डेंटिस्ट) और डॉ. विष्णु वाजपेयी (ऑर्थोपेडिक सर्जन) ने अपनी सेवाएं दीं।
स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी
शिविर के दौरान लोगों को बलूनी हॉस्पिटल में उपलब्ध आयुष्मान भारत, SGHS एवं CGHS जैसी स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। हॉस्पिटल की टीम ने पात्र लोगों को इन योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया के बारे में बताया।
हॉस्पिटल टीम का रहा सहयोग
शिविर के सफल आयोजन में बलूनी हॉस्पिटल के CEO श्री द्रवेश नौटियाल के साथ धीरेज, श्रीमती रेखा राणा, सुश्री सरिता, राकेश सुआल तथा फार्मासिस्ट कन्हैया पुरोहित एवं गौरव गुसाईं सहित हॉस्पिटल की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बलूनी हॉस्पिटल प्रबंधन ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हॉस्पिटल की प्राथमिकताओं में शामिल है। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।