उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट - Seva Bharat Times

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट

पहाड़ों में बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का अलर्ट, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, 9 से 11 अक्टूबर के दौरान करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।

इन सात जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

6 और 7 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश के आसार

नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में 6 और 7 अक्टूबर को मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना है।

मौसम बदलने से बढ़ेगी ठंड

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और पर्वतीय जिलों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *