देहरादून। मिस उत्तराखण्ड 2026 के तहत रविवार को राजपुर रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के स्काईलाउंज में ‘मिस ट्रेडिशनल’ सब-कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों के माध्यम से उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विविधता की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक ने बटोरीं तालियां
‘मिस ट्रेडिशनल’ सब-कॉन्टेस्ट में प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक करते हुए अपनी संस्कृति, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों की आकर्षक मंच प्रस्तुतियों ने निर्णायक मंडल और दर्शकों का ध्यान खींचा।
प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए यह भी दर्शाया कि पारंपरिक परिधान केवल पहनावा नहीं, बल्कि किसी क्षेत्र की संस्कृति, पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच देने का प्रयास
सिनमिट कम्युनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी एवं राजीव मित्तल ने कहा कि ‘मिस ट्रेडिशनल’ सब-कॉन्टेस्ट का उद्देश्य प्रतिभागियों को पारंपरिक परिधानों और संस्कृति के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सब-कॉन्टेस्ट प्रतिभागियों को अपनी अलग पहचान बनाने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर हिमानी रावत, अनन्या भंडारी, फैशन स्टाइलिस्ट प्रियादिति सिंधी, कोरियोग्राफर जैज पुष्कर सोनी, आकांक्षा गुप्ता, प्रोडक्शन हेड राहुल छाबड़ा एवं न्यू एरा के राज कौशिक सहित अन्य लोगों ने विशेष सहयोग किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में स्मृति रावत (मिस उत्तराखण्ड 2025), तानिया सिंह (मिस उत्तराखण्ड 2024), एनी सिंह (शिक्षाविद्), रोटरी दून हिल्स शिवालिक के जिला गवर्नर पुनीत टंडन, छाप की डायरेक्टर रिचा एहलावत तथा ओलेवियन ह्यूज के ब्रांड ओनर अजय करनवाल शामिल रहे।
‘मिस ट्रेडिशनल’ ने फैशन के मंच पर भारतीय संस्कृति और आधुनिक अंदाज का ऐसा मेल प्रस्तुत किया, जिसमें परंपरा के साथ प्रतिभागियों का आत्मविश्वास और व्यक्तित्व भी खास तौर पर नजर आया।