गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, मां गंगा के दर्शन कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस; अधिकारियों को समन्वय से काम करने के निर्देश

देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन गंगोत्री धाम पहुंचे। उन्होंने मां गंगा और भगवान काशी विश्वनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्य सचिव ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में चल रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

घाटों और मंदिर परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर

गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने निर्देशित किया कि घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था हर समय बेहतर बनी रहे। श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग सक्रियता से कार्य करें।

इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *