देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं का थर्ड पार्टी निरीक्षण (टीपीआई) कराकर वित्तीय समापन की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण की लंबित परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी शेष कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने पूर्ण योजनाओं का टीपीआई शीघ्र कराने के साथ संबंधित गांवों में ‘हर घर जल’ प्रमाणन की प्रक्रिया भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाओं के लिए आवश्यक केंद्रीय धनराशि समय पर प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की गुणवत्ता और कार्य प्रगति की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
1.29 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को मिला नल कनेक्शन
बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 1,29,491 ग्रामीण परिवारों में से 1,29,449 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।
मिशन के प्रथम चरण की सभी 333 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं द्वितीय चरण की कुल 760 योजनाओं में से 737 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 23 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इनमें तीन योजनाएं वन भूमि संबंधी स्वीकृतियां लंबित होने के कारण प्रभावित हैं।
586 गांवों को मिला ‘हर घर जल’ प्रमाणन
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के कुल 635 गांवों में से 586 गांवों को ‘हर घर जल’ प्रमाणन प्राप्त हो चुका है। शेष 49 गांवों में प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना जल जीवन मिशन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अधीक्षण अभियंता जल निगम आर.के. जैन, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान (ग्रामीण) नमित रमौला, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता राजेन्द्र लाल, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, एसीएफ अभिषेक मैठाणी, एडीपीआरओ संजय बड़ोनी सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के नामित सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।