देहरादून। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ की विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की शैक्षिक सत्र 2026-27 की द्वितीय आम सभा की बैठक शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा ने की। बैठक में छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रगति, परख मूल्यांकन, अपार आईडी, प्रमाण पत्रों के निर्माण तथा विद्यालय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला तथा विशिष्ट अतिथियों ललित बुडाकोटी और विजय पंवार सहित विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का स्मरण किया गया।
बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर हुई चर्चा
बैठक में विद्यालय के शिक्षकों ने उपस्थित अभिभावकों को उनके पाल्यों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी दी। आगामी 7 सितंबर को होने वाले परख मूल्यांकन के संबंध में भी अभिभावकों को आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न प्रमाण पत्रों के निर्माण तथा अपार आईडी (APAAR ID) की उपयोगिता एवं महत्ता के बारे में बताया गया।
विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी समिति के सदस्यों और अभिभावकों ने विचार-विमर्श किया।
टीन शेड निर्माण में सहयोग के लिए किया सम्मान
बैठक में सांसद निधि से विद्यालय में टीन शेड निर्माण करवाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए समाजसेवी ललित बुडाकोटी और पाववाला सौड़ा के पूर्व प्रधान विजय पंवार का आभार व्यक्त किया गया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा घर पर भी उनकी पढ़ाई में यथासंभव सहयोग करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ललित बुडाकोटी ने कहा कि वह करीब चार वर्ष पूर्व विद्यालय में आए थे और प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी के नेतृत्व में विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यालय की गतिविधियों और विकास कार्यों की सराहना की।
वहीं पूर्व प्रधान विजय पंवार ने विद्यालय में किए जा रहे कार्यों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि विद्यालय में हो रहे नवाचार सराहनीय हैं और इनसे अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रधानाध्यापक ने जताया आभार
बैठक के समापन पर प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने विद्यालय को निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला तथा सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
बैठक में क्षेत्रीय पार्षद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य सोबत चंद्र रमोला, अध्यक्ष सीमा, ललित बुडाकोटी, विजय पंवार, समाजसेवी नरेश राणा, विनोद कुमार, विजय पाल रावत, प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, भोजन माता लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।