डॉ. राधाकृष्णन की स्मृति को नमन, CM धामी ने दी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति, ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशभर के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरणा देता है।

शिक्षक ज्ञान के साथ संस्कार भी देते हैं : धामी

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश एवं देश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि उन्हें संस्कार, जीवन-मूल्य और सही दिशा देकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।

उन्होंने कहा कि एक सशक्त और संस्कारित पीढ़ी के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में आगे बढ़ने के साथ-साथ देश और समाज के विकास में भी योगदान देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की शिक्षाओं और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को ज्ञान, नैतिकता, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

शिक्षक दिवस के इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *