श्रमिकों के बेहतर भविष्य की ओर बड़ा कदम, धामी ने लॉन्च कीं कई जनकल्याणकारी योजनाएं

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई नई योजनाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत श्रमिकों के लिए नई सुविधाओं की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दो अत्याधुनिक मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरू की गई नई योजनाएं श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक लाभ देंगी।

नई योजनाओं की मुख्य बातें

  • मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता मिलेगी।
  • मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
  • मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को हाइजीन किट वितरित की जाएगी।
  • मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत हर वर्ष 210 बच्चों को आवासीय सुविधा सहित निशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

दूर-दराज़ तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निशुल्क उपलब्ध कराएगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और तीन महीने तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से होगी, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

श्रमेव जयते’ के मंत्र पर आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों का जीवन सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बने।

उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, घर निर्माण, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन, आवास सहायता और वृद्ध श्रमिकों के लिए मासिक पेंशन जैसी योजनाओं का भी लाभ दे रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *