‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को मिला विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन, CM धामी ने युवाओं से जानी परिकल्पना - Seva Bharat Times

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को मिला विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन, CM धामी ने युवाओं से जानी परिकल्पना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं के विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाएं जानीं और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मार्गदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल, तकनीक और नवाचार सहित प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की युवा पीढ़ी अपने प्रदेश के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।

विज्ञान और तकनीक में युवाओं को मिलेगा अवसर

विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के होनहार विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राज्य पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा नई नीतियां भी लागू की गई हैं।

हर क्षेत्र में नेतृत्व करने वाले युवा बनें प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाला व्यक्ति अपने क्षेत्र का सच्चा लीडर होता है।

उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़कर देश और उत्तराखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 800 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *