नियमित बैठकों, सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय बढ़ाने पर बनी सहमति
देहरादून। उत्तराखंड पत्रकार महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को देहरादून स्थित एक होटल में प्रदेश सचिव सुभाष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कृपाल सिंह बिष्ट ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह के आय-व्यय का विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के साथ हुई। जिला महामंत्री कृपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता में सभी सदस्यों की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि आयोजनों के दौरान सामने आने वाली कमियों से सीख लेकर भविष्य के कार्यक्रमों को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाया जाना चाहिए।
एक सप्ताह में सदस्यता शुल्क जमा करने का अनुरोध
बैठक में सदस्यों से वार्षिक सदस्यता शुल्क एक सप्ताह के भीतर जमा करने का अनुरोध किया गया, ताकि समय पर पहचान पत्र तैयार किए जा सकें। साथ ही सदस्यों से महासंघ की बैठकों और कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई गई।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले सदस्य की सदस्यता स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
हर माह अलग सदस्य के आवास पर होगी बैठक
महासंघ के भीतर आपसी समन्वय और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह 15 से 30 तारीख के बीच शनिवार अथवा रविवार को बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। खास बात यह होगी कि हर माह बैठक महासंघ के किसी एक सदस्य के आवास पर आयोजित की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य सदस्यों को एक-दूसरे के परिवार और क्षेत्र से परिचित कराना तथा संगठन से जुड़े किसी कार्यक्रम या आवश्यकता के समय आपसी सहयोग और संपर्क को आसान बनाना है।
“एक परिवार की तरह संगठित होकर करें काम”
जिला अध्यक्ष कैलाश सेमवाल ने कहा कि महासंघ के सभी सदस्यों को एक परिवार की तरह संगठित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता को संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष श्री राजीव मैथ्यू, जिला उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिराड़ी, श्री राजेश बहुगुणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश भट्ट, श्री वीके शर्मा, जिला सचिव सुश्री टीना वैश्य, जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती इंद्रेश्वरी मंमगई, जिला प्रचार मंत्री श्री जितेंद्र राजौरी, श्री जितेंद्र सिंह, श्री जनक भाटिया तथा वरिष्ठ सदस्य श्री शिवनारायण सहित महासंघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।