20 लाख घरों में फहराया जाएगा तिरंगा, आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के लिए बना प्लान - Seva Bharat Times

20 लाख घरों में फहराया जाएगा तिरंगा, आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के लिए बना प्लान

आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर इस उत्तराखंड में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। इस अभियान को लेकर रविवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देश भर के मुख्यमंत्रियों के साथ अभियान की तैयारियों पर ऑनलाइन बैठक की।

इस ऑनलाइन समीक्षा बैठक के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की तैयारी पूरी गम्भीरता और सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इससे देशवासियों में उत्साह का संचार हुआ है। युवाओं में देश के प्रति कर्तव्य भावना मजबूत हुई है।

कहा कि अभियान में हमारे गैलेन्ट्री अवार्ड विजेताओं को शामिल किया जाए। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा लोगों द्वारा स्वयं लगाया जाना है। इतने बड़े स्तर पर जन सहभागिता सुनिश्चित करने को व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। खास तौर पर सोशल मीडिया का उपयोग किया जाए।

सभी सरकारी वेबसाइट व सोशल मीडिया हैण्डल का प्रयोग किया जाए। कहा कि हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा बनाई जाए। तत्काल इसकी तैयारियां शुरू की जाएं। इसमें सभी विभाग मिलकर काम करें। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिवार जनों, स्वयं सेवी संस्थाओं, प्रबुद्ध जनों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाए।

कांवड़ यात्रियों को भी तिरंगा के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव संस्कृति हरिचंद्र सेमवाल, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *