माणा ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, देवताल मार्ग खोलने में जुटा BRO - Seva Bharat Times

माणा ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, देवताल मार्ग खोलने में जुटा BRO

भारी बर्फबारी से देवताल तक पहुंचना मुश्किल, बीआरओ की मशीनें लगातार कर रहीं बर्फ हटाने का काम

चमोली। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र माणा में इन दिनों बर्फबारी के बाद चारों ओर प्रकृति का मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। माणा पास स्थित देवताल और आसपास का पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। हालांकि भारी बर्फ जमने के कारण देवताल तक आवाजाही फिलहाल बाधित है। मार्ग को सुचारु करने के लिए सीमा सड़क संगठन (BRO) की मशीनें बर्फ हटाने के कार्य में जुटी हुई हैं।

माणा गांव के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि वह माणा पास स्थित देवताल जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में काफी अधिक बर्फ जमा होने के कारण उन्हें आधे रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि बीआरओ की ओर से मार्ग से लगातार बर्फ हटाई जा रही है। मार्ग पूरी तरह खुलने के बाद ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों की देवताल तक आवाजाही संभव हो सकेगी।

बर्फ से ढका देवताल बना आकर्षण का केंद्र

बर्फबारी के बाद देवताल और इसके आसपास के पहाड़ पूरी तरह सफेद हो गए हैं। बर्फ से ढके पहाड़, रास्ते और देवताल का मनमोहक दृश्य यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है। हालांकि भारी बर्फबारी के चलते फिलहाल यहां पहुंचना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि बीआरओ की टीम मार्ग से बर्फ हटाने के कार्य में जुटी है। जल्द ही देवताल तक आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।

11 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक कई जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।

ऐसे में आने वाले दिनों में माणा पास और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत और बढ़ने की संभावना है। BRO की ओर से मार्ग को सुचारु रखने के लिए बर्फ हटाने का अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *