नवनिर्वाचित जिला सहकारी बैंक अध्यक्षों ने सीएम धामी से की मुलाकात, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

देहरादून। प्रदेश के विभिन्न जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला सहकारी बैंक किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए आमजन को बेहतर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, चमोली के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक गढ़वाल (कोटद्वार) के अध्यक्ष पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला तथा जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चौधरी शामिल रहे।

सभी अध्यक्ष हाल ही में अपने-अपने जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास और राम सिंह कैड़ा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *