रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार सुबह चीरबासा क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने से मुश्किलें बढ़ गईं। चीरबासा हेलीपैड के समीप हुए भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आवाजाही तत्काल रोक दी है।
प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन को चीरबासा हेलीपैड के पास पैदल मार्ग बाधित होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया।
सुरक्षित स्थानों पर रोके गए यात्री
पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ की ओर जाने वाले यात्रियों को मार्ग में सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मार्ग की स्थिति सामान्य और सुरक्षित होने तक पैदल आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
भूस्खलन के कारण पैदल मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे वहां आवाजाही जोखिमपूर्ण हो गई है। संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है।
डीडीएमए की टीमें मलबा हटाने में जुटीं
मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। टीमें लगातार मलबे और पत्थरों को हटाने का काम कर रही हैं। साथ ही पहाड़ी से दोबारा मलबा या बोल्डर गिरने की आशंका को देखते हुए क्षेत्र की निगरानी भी की जा रही है।
फिलहाल जनहानि की सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि घटना में फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, मार्ग को हुए नुकसान के चलते यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा चीरबासा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौके पर तैनात टीमों और संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय कर मार्ग की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा की जानकारी ली जा रही है।
मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही शुरू होगी यात्रा
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल पैदल आवाजाही रोक दी गई है।
उन्होंने बताया कि डीडीएमए की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं। मार्ग के पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा। यात्रा पुनः शुरू करने के संबंध में प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।