दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 285 राजस्व कर्मियों को मिली पदोन्नति; 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन बने राजस्व निरीक्षक - Seva Bharat Times

दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 285 राजस्व कर्मियों को मिली पदोन्नति; 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन बने राजस्व निरीक्षक

लखनऊ। दिवाली के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश ने विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 285 कार्मिकों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की है। पदोन्नति पाने वालों में 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन शामिल हैं। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र कर्मचारियों को राहत मिली है।

समयबद्ध पदोन्नति से बढ़ेगा कर्मचारियों का मनोबल

राजस्व परिषद के चेयरमैन बीएल मीणा ने बताया कि विभागीय कार्मिकों की पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में पात्रता के आधार पर 285 कर्मचारियों को उच्च पद का दायित्व सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व विभाग के प्रशासनिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने वाले कर्मचारियों के अनुभव और कार्यदक्षता का विभागीय कामकाज में बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।

पारदर्शी व्यवस्था और कार्मिक हितों पर जोर

राजस्व परिषद की ओर से विभागीय कर्मचारियों के हितों का संरक्षण करने के साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र कार्मिकों को समय पर इसका लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिवाली के अवसर पर लिया गया यह निर्णय राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *