केजरीवाल का उदय हो रहा है, यह भाजपा को अस्थिर करने का समय - Seva Bharat Times

केजरीवाल का उदय हो रहा है, यह भाजपा को अस्थिर करने का समय

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर CBI की रेड जारी है। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी को चेताया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तारीफ की है। सीबीआई ने शुक्रवार को साल 2021 में आई दिल्ली आबकारी नीति को लेकर कार्रवाई की है।

सिब्बल ने सिसोदिया के आवास पर जारी रेड को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने कहा, ‘अब जब केजरीवाल का उदय हो रहा है, तो यह बीजेपी को अस्थिर करने का समय है।’ साथ ही उन्होंने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय को सरकार के हाथ बताया है। उन्होंने ट्वीट में दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैन को गिरफ्तार किया था।

सिसोदिया पर छापे के बीच केजरीवाल ने क्या दी ‘गुड न्यूज’, कहा- रेड से घबराना नहीं

खबर है की सीबीआई के अधिकारियों ने दिल्ली और एनसीआर में 21 जगहों पर छापेमारी की है। सिसोदिया ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं । लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे इसी तरह परेशान किया जाता है। इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-1 नहीं बन पाया।’

सरकार पर उठाए सवाल
डिप्टी सीएम ने एक अन्य ट्वीट किया, ‘ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है ताकि शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे काम रोके जा सकें। हम दोनों के ऊपर झूठे आरोप हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘हम सीबीआई का स्वागत करते हैं। जांच में पूरा सहयोग देंगे ताकि सच जल्द सामने आ सके। अभी तक मुझ पर कई केस किए लेकिन कुछ नहीं निकला। इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा। देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरा काम रोका नहीं जा सकता।’

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में सीबीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, ‘आबकारी नीति मामले में मनीष सिसोदिया के आवास और चार जन सेवकों के ठिकानों समेत दिल्ली और एनसीआर में 21 जगहों पर छापामार कार्रवाई जारी है।’ खास बात है कि जुलाई में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली की संशोधित आबकारी नीति को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *