मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला: विकास योजनाओं के लिए 39.87 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 39.87 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन प्रदान किया है। स्वीकृत धनराशि से पेयजल व्यवस्था, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा, सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पर्यटन सुविधाओं, पार्किंग, मंदिर सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

पेयजल और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को मंजूरी

देहरादून के वार्ड नंबर 60 मधुवन एन्क्लेव में नलकूप एवं उर्ध्व जलाशय के निर्माण के लिए 4.98 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं हल्द्वानी में कुमाऊं परिक्षेत्र के लिए राज्य स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण हेतु 2.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

ऋषिकेश के लक्कड़घाट स्थित 26 एमएलडी एसटीपी एवं 0.0500 एमएलडी को-ट्रीटमेंट प्लांट पर ग्रिड सोलर स्थापना के लिए 4.30 करोड़ रुपये, जबकि चोरपानी ऋषिकेश स्थित 5 एमएलडी एसटीपी पर ग्रिड सोलर स्थापना के लिए 2.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सड़क और संपर्क सुविधाओं पर जोर

चमोली के देवाल विकासखंड के वाण में हैलीपैड निर्माण के लिए अवशेष धनराशि के रूप में 1.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में निसनी लिंक मोटर रोड के सुधार कार्य के लिए 3.17 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

चम्पावत में बूढ़ाखेत-अमकड़िया मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 1.67 करोड़ रुपये तथा टिहरी गढ़वाल के थौलधार विकासखंड में उप्पू से औलणी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 3.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नंदा राजजात क्षेत्र में पार्किंग और सुविधाओं का विस्तार

चमोली में नंदा राजजात से जुड़े क्षेत्र में भी विभिन्न कार्यों को स्वीकृति मिली है। वाण पड़ाव हैलीपैड के समीप सरफेस पार्किंग एवं शौचालय निर्माण के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मुंदोली के डनाला तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए 40.22 लाख रुपये और सुराई तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए 30 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों का होगा विकास

अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के समीप सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ के धारचूला में काली नदी के किनारे रिवरफ्रंट डेवलपमेंट के लिए 6 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है। इससे क्षेत्र में पैदल आवागमन और पर्यटन सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी स्वीकृति

मानसून अवधि में सड़कों के निर्माण एवं संबंधित कार्यों के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के तहत लोक निर्माण विभाग को 1 करोड़ रुपये और ग्राम्य विकास विभाग को 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये तथा कनालीछीना के ग्राम पंचायत भौतली में आंतरिक सीसी मार्ग के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

हरिद्वार के बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण एवं चौड़ीकरण से जुड़े चार निर्माण कार्यों के लिए 3.41 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं उच्च न्यायालय नैनीताल में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए 77.29 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन क्षेत्रों में होंगे प्रमुख विकास कार्य

  • पेयजल एवं जल गुणवत्ता परीक्षण
  • एसटीपी पर ग्रिड सोलर स्थापना
  • सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण
  • हैलीपैड और पार्किंग सुविधाएं
  • नंदा राजजात क्षेत्र में अवस्थापना विकास
  • धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण
  • धारचूला में काली नदी रिवरफ्रंट विकास
  • उच्च न्यायालय में सीसीटीवी व्यवस्था
  • मानसून के दौरान सड़क संबंधी कार्य

सरकार के इन निर्णयों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुनियादी सुविधाओं और अवस्थापना विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *