देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।
सम्मेलन का आयोजन वर्ष 2023 के ऐतिहासिक सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की सफलता के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया जा रहा है। सम्मेलन में आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इसकी विशेषता यह है कि छह महाद्वीपों में एक साथ विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें देश के 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की भी सहभागिता है।
देहरादून को वैश्विक आपदा प्रबंधन केंद्र बनाने की पहल
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों और आधुनिक तकनीकों को साझा करने से आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी एवं समन्वित रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। लगभग 50 देशों और देश के विभिन्न राज्यों की सहभागिता ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को मजबूत करती है।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन मानवता और सामूहिक संकल्प की मिसाल
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के ऐतिहासिक बचाव अभियान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।
उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। साथ ही अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने कहा कि बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आने पर रैट माइनर्स ने अपने अनुभव और कौशल से बचाव अभियान को निर्णायक सफलता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आपदा प्रबंधन में राहत से अधिक जरूरी पूर्व तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया में अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाओं की चुनौतियां बढ़ रही हैं। इनका प्रभाव केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक व्यवस्था पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य केवल आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्य करना नहीं होना चाहिए, बल्कि संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते तैयारी और जनहानि को न्यूनतम करना भी उतना ही जरूरी है।
हिमालय की सुरक्षा करोड़ों लोगों के भविष्य से जुड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना कितना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ग्लेशियर, वन और जैव विविधता पूरे क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े हैं। इसलिए ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अतिवृष्टि, बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करना समय की जरूरत है।
एआई, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक से मजबूत होगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी की जा सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं, पंचायतों और समुदायों को आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करना भी जरूरी है।
धराली आपदा का जिक्र कर साझा किया भावुक अनुभव
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद वह स्वयं हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे और लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने का प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा के कठिन समय में लोगों का विश्वास और स्नेह सरकार को उनके साथ मजबूती से खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
विकास योजनाओं में जनसुरक्षा और पर्यावरण सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरणीय संतुलन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास और पारिस्थितिकी के बीच संतुलन स्थापित करके ही सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाला मंथन उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई नीतियों, तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।