आशारोड़ी में सड़क दुर्घटना का मॉक अभ्यास, आठ घायलों का रेस्क्यू कर परखी गई राहत एवं बचाव व्यवस्था

देहरादून। आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा और राहत एवं बचाव कार्यों को समय पर अंजाम देने के उद्देश्य से शनिवार को आपदा प्रबंधन दिवस पर देहरादून जनपद में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिले के 33 अलग-अलग स्थानों पर हुए इस अभ्यास के माध्यम से प्रशासन ने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों, विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण किया।
यह अभियान वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक बचाव अभियान की स्मृति में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इसी अभियान की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।
जनपद में कोरोनेशन अस्पताल, दून अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी-मोहब्बेवाला, क्रॉसरोड मॉल, रोपवे गनहिल, भारत भूमि टूरिज्म कॉम्प्लेक्स, जीआईसी सेलाकुई, प्रेमनगर और ऋषिकेश के उप जिला अस्पताल सहित 33 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके अलावा कालसी, चकराता, मसूरी, रायपुर, लाखामंडल, नालापानी, माजरी ग्रांट, आईएसबीटी और विभिन्न वन क्षेत्रों एवं विद्युत परियोजनाओं में भी आपदा प्रबंधन का अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना, अचानक बाढ़, भीड़ नियंत्रण, सुरंग दुर्घटना, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, आग लगने, भूस्खलन, भूकंप और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थलों की गतिविधियों की लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई, जिससे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और कार्रवाई की निगरानी की जा सके।
वनाग्नि से निपटने के लिए वन विभाग ने किया मॉक अभ्यास
वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज अंतर्गत तिलवाड़ी बीट में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वनाग्नि की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया गया। आग के तेजी से फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीम तैनात की गई। इसी दौरान एक वनकर्मी के घायल होने की सूचना पर मेडिकल टीम को भी घटनास्थल पर भेजने का अभ्यास किया गया। संयुक्त प्रयासों से आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसी प्रकार भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की लांघा रेंज के तौली बीट में भी वनाग्नि नियंत्रण का अभ्यास किया गया। यहां भी आग फैलने की स्थिति में अतिरिक्त वनकर्मियों और मेडिकल टीम को मौके पर भेजा गया। अभ्यास में लांघा, चौहड़पुर और टिमली रेंज के वनकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
आशारोड़ी में सड़क हादसे का दृश्य तैयार कर आठ घायलों का रेस्क्यू
मॉक ड्रिल के तहत आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना की स्थिति तैयार की गई। इसमें संबंधित विभागों की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अभ्यास के दौरान कुल आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया।
इनमें दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया, जबकि छह सामान्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
अभ्यास में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से डीजल रिसाव के कारण आग लगने की संभावित आशंका को नियंत्रित करने की कार्रवाई भी शामिल रही। इसके बाद क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराने का अभ्यास किया गया।
डी-ब्रीफिंग में सामने आईं सुधार की संभावनाएं
मॉक ड्रिल पूरी होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई तथा अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय, प्रभावी प्रतिक्रिया और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के महत्व पर जोर दिया। इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।