अल्पसंख्यक आयोग को मिली नई ताकत, गगनदीप बेदी ने संभाली उपाध्यक्ष की कमान - Seva Bharat Times

अल्पसंख्यक आयोग को मिली नई ताकत, गगनदीप बेदी ने संभाली उपाध्यक्ष की कमान

देहरादून। उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गगनदीप सिंह बेदी ने 25 नवंबर को विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधोईवाला स्थित अल्पसंख्यक कल्याण भवन पहुंचकर आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी से शिष्टाचार भेंट की और नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गगनदीप सिंह बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ ही उनके हितों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

बेदी ने कहा कि आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी के साथ मिलकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण एवं विकास को नई गति मिलेगी। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अल्पसंख्यक समुदाय के गणमान्य लोगों से भी मुलाकात की।

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना लक्ष्य: बलजीत सोनी

आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजना, अल्पसंख्यक क्षेत्र विकास योजना, विकास निधि, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, मेधावी बालिकाओं के लिए प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र लोगों को शिक्षा, रोजगार और विकास के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आयोग का प्रयास रहेगा कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब, जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

बलजीत सोनी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

नियुक्तियों से अल्पसंख्यक समुदाय में उत्साह

कार्यक्रम में मौजूद अल्पसंख्यक समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बलजीत सोनी को आयोग का अध्यक्ष तथा गगनदीप सिंह बेदी को उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में आयोग अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों के संरक्षण, सामाजिक उत्थान और विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा।

दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *