देहरादून में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 12.28 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत - Seva Bharat Times

देहरादून में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 12.28 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में 35,883 नए मतदाता जुड़े, 1,934 नाम हटाए गए

देहरादून। जनपद में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस सूची में कुल 12,28,746 मतदाता पंजीकृत हैं। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 35,883 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि विभिन्न कारणों से 1,934 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देने के साथ ही राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है।

35,883 नए मतदाताओं के नाम जुड़े

04 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले विशेष पुनरीक्षण अभियान में 16,316 पुरुष, 19,563 महिला और 04 ट्रांसजेंडर मतदाताओं सहित कुल 35,883 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया। वहीं, 961 पुरुष, 969 महिला और 04 ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,934 मतदाताओं के नाम हटाए गए।

पुनरीक्षण से पहले जनपद में 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। अब जारी ड्राफ्ट सूची में 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 9,263 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं, जिनमें 8,776 पुरुष और 487 महिलाएं हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

10 विधानसभा क्षेत्रों में भेजी गईं 123 ईवीएम

मतदाता जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एफएलसी के उपरांत 123 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं। अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को ईवीएम प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ें, ताकि आम नागरिक मतदान प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित भाजपा के अरविंद जैन, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, बसपा के एसपी गौतम, केपी सिंह, सत्येन्द्र सिंह तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा और उपेन्द्र सिंह राणा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मतदाताओं के लिए जरूरी सूचना: जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है या सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर अपने मतदाता विवरण को दुरुस्त करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *