क्रिकेट के मैदान में दून किंग्स का जलवा, मनीष डंगवाल ने 84 रन की तूफानी पारी से मचाया धमाल - Seva Bharat Times

क्रिकेट के मैदान में दून किंग्स का जलवा, मनीष डंगवाल ने 84 रन की तूफानी पारी से मचाया धमाल

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में दून किंग राइडर और दून सुपर किंग्स ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में दून किंग राइडर ने दून ब्लास्टर्स को चार विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में दून सुपर किंग्स ने दून सुपर टाइटंस को सात विकेट से करारी शिकस्त दी।

दून किंग राइडर ने आखिरी ओवर में हासिल की जीत

पहले मुकाबले में टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी दून ब्लास्टर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 126 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शिवेश शर्मा ने 37 गेंदों में 46 रन और हर्ष उनियाल ने 15 गेंदों में 23 रन की उपयोगी पारी खेली। दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत और अनिल डोगरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून किंग राइडर की टीम ने मुकाबले को रोमांचक बनाते हुए 19.5 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। अभिषेक कुमार ने 29 और मनमोहन शर्मा ने 20 रन का योगदान दिया। दून ब्लास्टर्स की ओर से शिवेश शर्मा ने दो विकेट लिए।

मनीष डंगवाल की तूफानी पारी से दून सुपर किंग्स की बड़ी जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में दून सुपर टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 114 रन बनाए। विकास गुसाईं ने 42 और संजय घिल्डियाल ने 21 रन की पारी खेली। दून सुपर किंग्स की ओर से मनीष डंगवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए, जबकि अभय कैंतुरा ने दो विकेट हासिल किए।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून सुपर किंग्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 13.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 115 रन बना लिए और सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत के सबसे बड़े नायक मनीष डंगवाल रहे। उन्होंने मात्र 51 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कप्तान सुरेंद्र डसीला 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। दून सुपर टाइटंस की ओर से आकाश भंडारी ने दो विकेट हासिल किए।

पत्रकारों की रही मौजूदगी, अगले मुकाबलों को लेकर उत्साह

मैच के दौरान उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनमोहन लखेड़ा, क्लब सदस्य वीके डोभाल, राजेंद्र उनियाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

टूर्नामेंट के अगले दिन पहला लीग मुकाबला दून थंडर्स और दून सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरे मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स की भिड़ंत दून किंग राइडर से होगी। दोनों मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *