देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या - Seva Bharat Times

देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या

तपोवन की विष्णुलोक कॉलोनी में घर में घुसकर वारदात, एक संदिग्ध आरोपी स्थानीय लोगों ने पकड़ा

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की कथित तौर पर चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों ने एक युवक को कथित तौर पर खून से सने कपड़ों में भागते देखा। शक होने पर लोगों ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ सोने के आभूषण मिलने की बात सामने आई है।

पूछताछ में युवक कथित तौर पर स्थानीय लोगों को एक घर तक ले गया। वहां बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक बुजुर्ग रायपुर क्षेत्र स्थित ओएफडी से सेवानिवृत्त थे और उनके बेटे बाहर रहते हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले दंपती के घर पर रंग-रोगन का काम कराया गया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए संदिग्ध युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात के पीछे की वजह तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद तपोवन और आसपास के इलाके में भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *