अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में दिव्यांशु ने हासिल किया प्रथम स्थान
अगस्त्यमुनि। विद्यालयी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता (एथलेटिक्स) का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने किया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। बालक वर्ग अंडर-19 की 800 मीटर दौड़ में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के दिव्यांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पठालीधार के मयंक राणा ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कोठगी के अंशुमान नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर संयोजक एवं प्रधानाचार्य अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि संजय सजवान, जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी, ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक शेर मोहम्मद, अध्यक्ष शिक्षक संघ अंकित रौथाण, वरिष्ठ क्रीड़ाध्यक्ष विपिन रावत, महेंद्र कंडारी, मीना बिष्ट, नीलम पुरी, भानु प्रताप सिंह रावत, अमित गोस्वामी, योगंबर कंडारी, प्रभात पुंडीर, कुलदीप नेगी, सुशील गुप्ता, मनमोहन शौचाण, सीमा डिमरी, आशीन चमोली, भजनपाल रौतेला एवं प्रियंक रूडोला सहित शिक्षक एवं खेल विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।