चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर सीएम धामी सख्त, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

14 सितंबर तक 50.56 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन, 66.07 लाख यात्रियों ने कराया पंजीकरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा से जुड़े जिलों के जिलाधिकारियों से यात्रा मार्गों, यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा, मौसम और भीड़ प्रबंधन की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर मौसम और भूस्खलन की स्थिति पर लगातार नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

यमुनोत्री में भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और आवागमन को देखते हुए धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने पैदल मार्गों पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घोड़े-खच्चरों के संचालन में नियमों का पालन जरूरी

सीएम ने घोड़े-खच्चरों के संचालन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों, घोड़े-खच्चरों और डंडी-कंडी की आवाजाही को नियंत्रित रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

यात्रा मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा गंगोत्री मार्ग के चौड़ीकरण और गड्ढामुक्त करने के कार्य में तेजी लाने को कहा। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी और स्यानाचट्टी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे जल्द खोलने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने को भी कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं और आपात सुविधाओं पर जोर

मौसम को देखते हुए चारों धामों में श्रद्धालुओं के लिए अलाव समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा मार्गों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

यात्रा मार्गों पर शौचालय, पेयजल, विद्युत, प्रकाश और शटल सेवाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा शौचालयों की नियमित सफाई और औचक निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए।

हेली सेवाओं में निर्धारित दरों से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक वसूली अथवा अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर हेली सेवाओं का संचालन करने को कहा गया।

66.07 लाख यात्रियों का पंजीकरण, 50.56 लाख ने किए दर्शन

बैठक में बताया गया कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए अब तक 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। 14 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

धामवार दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार है—

  • यमुनोत्री: 7,08,407
  • गंगोत्री: 7,89,773
  • श्री केदारनाथ: 14,98,544
  • श्री बदरीनाथ: 17,36,619
  • श्री हेमकुंड साहिब: 3,22,817

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली समेत शासन, प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *