मरीजों से सीधे रूबरू हुईं विधानसभा अध्यक्ष, अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस हॉस्पिटल, कोटद्वार का औचक निरीक्षण किया। अचानक अस्पताल पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों का हालचाल जाना और उनसे अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। मरीजों से उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की मौजूदगी और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

विधानसभा अध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर उपचार और सम्मानजनक व्यवहार का हकदार है।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना केवल अस्पताल प्रशासन ही नहीं, बल्कि प्रत्येक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *