युवा प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, 1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ 2026

देहरादून। उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा और हुनर दिखाने का बड़ा मंच एक बार फिर सजने जा रहा है। ‘खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का शुभारंभ आगामी 1 सितंबर से होगा। न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे।

खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन, खिलाड़ियों के पंजीकरण, खेल मैदानों, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

न्याय पंचायत से संसदीय क्षेत्र तक होगा मुकाबला

खेल महाकुंभ के तहत प्रतियोगिताएं चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर मुकाबले होंगे। इसके बाद 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिताओं में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा पंजीकरण

खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों को ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। क्यूआर कोड और ‘खेलोयूके’ पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय और संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।

पिछले साल देहरादून ने जीते थे 318 पदक

खेल महाकुंभ के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 और 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।

पिछले वर्ष देहरादून के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य सहित कुल 318 पदक अपने नाम किए थे। इस प्रदर्शन के साथ देहरादून ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। अब खेल महाकुंभ 2026 में देहरादून की नजर अपने इस प्रदर्शन को और बेहतर करने पर होगी।

विजेताओं को मिलेगा प्रमाण-पत्र, पदक और नकद पुरस्कार

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

खेल महाकुंभ’ युवाओं के लिए बड़ा अवसर : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना, धैर्य और संघर्षशीलता जैसे जीवन-मूल्यों का विकास होता है।

उन्होंने अधिकारियों को खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक युवाओं को इसमें प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।

बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ) और ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान ने खेल महाकुंभ को प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, खेल, पेयजल, विद्युत, सूचना, पुलिस और पीआरडी विभाग को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *