पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को नम आंखों से श्रद्धांजलि, मेयर बोले– उनका योगदान सदैव रहेगा अमर
कोटद्वार/संवाददाता पुनीत रावत। भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जनपद कोटद्वार के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल में आज उत्तराखंड के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम कोटद्वार के मेयर ने उपस्थित होकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय खंडूरी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर वातावरण भावुक और श्रद्धा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
मेयर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी जी का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, अनुशासित जीवन और प्रदेशहित में किया गया कार्य सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उत्तराखंड के विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा के क्षेत्र में जो अमिट योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

उन्होंने कहा कि खंडूरी जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे। सेना से लेकर राजनीति तक उनके जीवन का प्रत्येक अध्याय सेवा और समर्पण से परिपूर्ण रहा। उत्तराखंड की जनता के प्रति उनका अपनापन और विकास के प्रति उनकी सोच सदैव याद रखी जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी स्वर्गीय खंडूरी जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।