विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा जारी रहेगी, 2026-27 में 544 नए स्कूलों में विस्तार: डॉ. धन सिंह रावत - Seva Bharat Times

विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा जारी रहेगी, 2026-27 में 544 नए स्कूलों में विस्तार: डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। प्रदेश के विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्पष्ट किया है कि नए टेंडर होने तक पूर्व में अनुबंधित संस्थाएं ही कार्यक्रम का संचालन करती रहेंगी, ताकि छात्रों की पढ़ाई और कौशल विकास प्रभावित न हो।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में देरी पर नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि नई टेंडर प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा सत्र 2026-27 से 544 और विद्यालयों में भी पारंपरिक विषयों के साथ व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी। इसके लिए निजी संस्थाओं के साथ शीघ्र अनुबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

डॉ. रावत ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रम उच्च गुणवत्ता के हों और उनका नियमित मॉनिटरिंग किया जाए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान और कौशल प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

नए शिक्षा सत्र में समग्र शिक्षा योजना के तहत जिन 544 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू होगी, उनमें एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटी, प्लंबिंग, रिटेल और टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे आठ प्रमुख सेक्टर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *