UTTARAKHAND NEWS:  मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने यमुनोत्री क्षेत्र की यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया - Seva Bharat Times

UTTARAKHAND NEWS:  मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने यमुनोत्री क्षेत्र की यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया

उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने यमुनोत्री मंदिर का दर्शन करने के साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। श्री अग्रवाल ने यमुनोत्री मार्ग पर यात्रा को लेकर किए गए इंतजामों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री श्री अग्रवाल यमुनोत्री धाम में मंदिर समिति के पदाधिकारियों व तीर्थ पुरोहितों मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार यमुनोत्री धाम तथा इससे जुडे क्षेत्रों के तेजी से विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस क्षेत्र के लिए रोपवे, हेलीपैड निर्माण, वैकल्पिक मार्ग सहित अनेक विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।

यमुनोत्री में घाट निर्माण तथा विभिन्न अवस्थापनाओं अन्य सुविधाओं के विकास और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर भी श्री अग्रवाल ने तीर्थ पुरोहितों से विचार-विमर्श कर प्रभावी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। यमुनोत्री क्षेत्र के भ्रमण पर स्थानीय लोगों एवं तीर्थ पुरोहितों ने श्री अग्रवाल का स्वागत किया।

यमुनोत्री धाम पहुंचने से पूर्व श्री अग्रवाल ने यमुनोत्री मार्ग सहित जानकीचट्टी एवं अन्य प्रमुख पड़ावों पर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जानकीचट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर कैबिनेट मंत्री श्री अग्रवाल ने होटलों, ढाबों सहित सभी दुकानों पर रेट लिस्ट लगाए जाने की सख्त हिदायत दी।

उन्होंने अधिकारियों को कीमतों पर निरंतर निगरानी रख अधिक कीमत वसूल करने वाले लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने का कहा। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्री अग्रवाल ने घोड़ों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु स्थापित चरियों व गीजर्स का निरीक्षण कर पानी का उचित तापमान बनाए रखने की नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं उप जिलाधिकारी बड़कोट मुकेश चंद रमोला, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल, उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल, सह सचिव विपिन उनियाल तीर्थ पुरोहितों के प्रतिनिधि सूर्यबल्लभ उनियाल, प्रकाश चन्द्र उनियाल सहित अनेक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *