देहरादून। टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकाली गई। शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शामिल होकर भगवान टपकेश्वर महादेव का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर चौक, देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज तथा टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।