लखनऊ में 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन, सीएम योगी करेंगे ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन - Seva Bharat Times

लखनऊ में 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन, सीएम योगी करेंगे ‘साधना श्रृंखला-2026’ का उद्घाटन

मिशन कर्मयोगी के तहत प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर होगा मंथन, 700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को जोड़ रहा UNNATI पोर्टल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर प्रशासनिक सुधारों और सरकारी अधिकारियों की क्षमता निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 23 और 24 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में क्षमता निर्माण आयोग (कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन-सीबीसी) की दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला ‘साधना श्रृंखला-2026’ आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यशाला में आठ राज्यों और चार केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और दक्षता आधारित संस्थानों के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, सरकारी अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और प्रशासन को अधिक नागरिक-केंद्रित बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होगा।

12 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की भागीदारी

उत्तर प्रदेश सरकार की मेजबानी में आयोजित इस कार्यशाला में बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके अलावा चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।

कार्यशाला में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख, संकाय सदस्य, विषय विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी अपने अनुभव साझा करेंगे। विभिन्न भौगोलिक और प्रशासनिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों की भागीदारी से प्रशिक्षण की जरूरतों, संस्थागत चुनौतियों और नवाचारों पर व्यापक चर्चा का अवसर मिलेगा।

चार प्रमुख क्षेत्रों पर होगा फोकस

‘साधना श्रृंखला-2026’ में संस्थागत शासन एवं नेतृत्व, प्रशिक्षण संस्थानों की कार्यक्षमता और आपसी सहयोग, संकाय एवं संस्थागत दक्षताओं तथा डिजिटल परिवर्तन जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशिक्षण व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग पर भी चर्चा होगी। इसका उद्देश्य सरकारी अधिकारियों को बदलती तकनीक और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है। कार्यशाला के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुसार सुधार के क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। साथ ही, इन सुधारों को लागू करने के लिए व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने पर भी जोर रहेगा।

700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को जोड़ रहा UNNATI पोर्टल

प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए ‘यूनिफाइड न्यू-एज नेशनल ट्रेनिंग इनिशिएटिव्स’ (UNNATI) पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साधना सप्ताह-2026 के दौरान शुरू किया गया यह पोर्टल 700 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को साझा मंच पर जोड़ता है।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण संसाधनों के आदान-प्रदान, संस्थानों के बीच समन्वय और आंकड़ों के आधार पर कार्यक्षमता में सुधार को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे प्रशिक्षण संस्थानों को अपनी जरूरतों के अनुसार बेहतर रणनीति तैयार करने और नई तकनीकों को अपनाने में सहायता मिलेगी।

राष्ट्रीय प्रशिक्षण सुधारों को मिलेगी नई दिशा

‘साधना श्रृंखला-2026’ चार क्षेत्रीय कार्यशालाओं की श्रृंखला है। इसकी शुरुआत 29 और 30 सितंबर को विजयवाड़ा में हुई थी, जबकि पूर्वोत्तर क्षेत्र की कार्यशाला 9 अक्टूबर को गुवाहाटी में आयोजित की गई।

लखनऊ में होने वाली कार्यशाला के निष्कर्षों को अन्य क्षेत्रीय कार्यशालाओं के परिणामों के साथ शामिल कर प्रशिक्षण संस्थान परिवर्तन ढांचा (ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ट्रांसफॉर्मेशन फ्रेमवर्क) तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य देशभर के सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को अधिक आधुनिक, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना है।

मिशन कर्मयोगी के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप यह पहल सरकारी अधिकारियों की क्षमताओं को मजबूत करने, कार्य संस्कृति में सुधार लाने और नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लखनऊ में होने वाला यह आयोजन विभिन्न राज्यों के अनुभवों को साझा करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण सुधारों की प्रभावी रणनीति तैयार करने का मंच बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *