मास्टर प्लान के कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने धाम में चल रहे विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली और कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बदरीनाथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पारंपरिक गरिमा को बनाए रखते हुए विकास कार्य किए जाएं। उन्होंने धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित हो रहा बदरीनाथ धाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में श्री बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के पूज्यपाद महंत स्वामी श्री देवप्रसाददास जी स्वामी, पूज्यपाद सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभदास जी स्वामी सहित बड़ी संख्या में संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है बदरीनाथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है। भगवान बदरीविशाल की कृपा और आशीर्वाद से इस पावन धाम में संतों एवं श्रद्धालुओं के बीच कथा महोत्सव में सहभागी होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।
उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। भारतीय शास्त्रों में भी इस पवित्र धाम की महिमा का विशेष वर्णन मिलता है। यह पावन भूमि सदियों से तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रही है।
मुख्य बिंदु:
- भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना
- प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
- बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
- अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
- श्रद्धालुओं की सुविधा और धाम की धार्मिक गरिमा को प्राथमिकता
- कथा महोत्सव में 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त हुए शामिल