मसूरी। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित मेजर ध्यानचंद सिक्स-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मसूरी पब्लिक स्कूल के मैदान में हॉकी का रोमांच देखने को मिला। सीनियर, बालक-बालिका, जूनियर तथा सब-जूनियर वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के सीनियर बालिका वर्ग में खालसा हॉकी क्लब का दबदबा देखने को मिला। लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
दिन के मुकाबलों में बरेली उत्तर प्रदेश ने रॉक ब्लू को 11-0, जबकि खालसा हॉकी कोलकाता ने रॉक ब्लू को 18-0 से पराजित किया। वहीं स्टील प्लांट भिलाई ने बरीसा कोलकाता को 9-1 से हराया।
खालसा अमृतसर पंजाब ने यंग वुमैन रामनगर को 7-0, एमडी हॉकी हल्द्वानी ने रॉक ब्लू को 7-0 और यंग वुमैन रामपुर ने रोशन हॉकी पटना को 3-0 से मात दी।
इसी क्रम में खालसा हॉकी कोलकाता ने मानसी हॉकी मुंबई को 3-0, बरीसा कोलकाता ने रोशन हॉकी पटना को 3-1, जबकि एमडी हॉकी हल्द्वानी ने बरेली उत्तर प्रदेश को 3-0 से हराया।
इसके अलावा खालसा हॉकी कोलकाता ने यमुनानगर हरियाणा को रोमांचक मुकाबले में 1-0, मुंबई हॉकी ने रॉक ब्लू को 3-0 तथा यमुनानगर हरियाणा ने बरेली उत्तर प्रदेश को 8-1 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत की।
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तेज रफ्तार पासिंग, आक्रमण और गोल बचाने के लिए किए गए शानदार प्रयासों ने मुकाबलों को रोमांचक बनाए रखा। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से पहुंची टीमों के प्रदर्शन से मसूरी में हॉकी का माहौल पूरी तरह खेलमय नजर आया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में सीनियर बालक, जूनियर बालक-बालिका और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इन मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
इस अवसर पर मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, सचिव सौरभ सोनकर, रूपचंद, सुरेश गोयल, बीएस नेगी, राजेंद्र शाह, बिजेंद्र पुंडीर, साहिल सोनकर, अनुज तायल, अनिल गोयल, मिजान सिंह, परविंदर रावत, अथर्व गंगा और समीर रैना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।