हॉकी के जादूगर ध्यानचंद को नमन, मसूरी में तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता शुरू

मसूरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ मसूरी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विशाल सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों से मसूरी पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय हॉकी को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलता है।

मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एसोसिएशन पिछले 27 वर्षों से हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस बार भी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से सीनियर बालिका वर्ग की टीमें पहुंची हैं। इसके साथ ही सीनियर बालक, जूनियर बालक-बालिका और सब-जूनियर बालक वर्ग में भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

सीनियर बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन सीनियर बालिका वर्ग में एसवाईएम यमुनानगर ने एमडी हॉकी हल्द्वानी को 4-1 से पराजित किया। वहीं बरिसा कोलकाता ने यंग वुमेन रामनगर, उत्तर प्रदेश को 2-1, यमुनानगर हरियाणा ने मुंबई को 2-0, अमृतसर पंजाब ने पटना बिहार को 7-0, स्टील प्लांट भिलाई ने रामपुर उत्तर प्रदेश को 9-0 और खालसा कोलकाता ने बरेली उत्तर प्रदेश को 5-2 से हराया।

इसके अलावा स्टील प्लांट भिलाई ने रोशन हॉकी पटना बिहार को 12-0 से तथा अमृतसर ने पटना को 3-0 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत की।

जूनियर वर्ग में भी दिखा खिलाड़ियों का उत्साह

जूनियर बालक वर्ग में मसूरी पब्लिक स्कूल (एमपीएस) ने वाइनबर्ग एलन को 2-0 और 3-0 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर बालिका वर्ग में वाइनबर्ग एलन और मसूरी पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

प्रतियोगिता को लेकर मसूरी के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों की टीमें मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

इस अवसर पर एमएसए अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, महासचिव सौरभ सोनकर, रूपचंद, बीएस नेगी, सुरेश गोयल, अनुज तायल, बिजेंद्र पुंडीर, जगबीर भंडारी, अजय भंडारी, साहिल सोनकर, मिजान सिंह, अनिल गोयल, विजय जुगराण सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *