कलेक्ट्रेट में श्रद्धा से मनाई गई पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती

देहरादून। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत रत्न एवं देश के पूर्व गृहमंत्री पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में पं. पंत के स्वतंत्रता संग्राम, साहित्य, समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत बहुआयामी प्रतिभा के धनी, प्रखर चिंतक, दूरदर्शी एवं कुशल राजनेता थे। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणास्रोत

डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी पं. पंत ने आदर्श जनप्रतिनिधि और राजनेता के रूप में समाज एवं राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके विचार, आदर्श और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक पं. पंत के आदर्शों और पदचिह्नों से प्रेरणा लेते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करे। राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें कार्य

जिलाधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय जनसेवा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण संस्थान है। शासन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से कराएं परिचित

डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और आजादी के महत्व से युवा पीढ़ी को अवगत कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *