अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को मिलेगी नई सीख, संस्कृति और नवाचार से होंगे रूबरू - Seva Bharat Times

अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को मिलेगी नई सीख, संस्कृति और नवाचार से होंगे रूबरू

हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं को मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, कहा—अनुभवों का उत्तराखंड के विकास में करें उपयोग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखंड के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों और नवाचारों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा अन्य राज्यों में जाकर वहां की स्थानीय संस्कृति, विशेषताओं, विकास योजनाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझें तथा उपयोगी अनुभवों को उत्तराखंड के संदर्भ में साझा करें। इसी तरह अन्य राज्यों के युवाओं को भी उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास एवं जनकल्याणकारी पहलों से परिचित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ने पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों को समझने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

हरियाणा की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानें युवा

मुख्यमंत्री ने हरियाणा जा रहे युवाओं से वहां की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, खान-पान, खेल परंपरा, कृषि और स्थानीय जीवनशैली को करीब से देखने को कहा। उन्होंने युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों, किसानों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों से संवाद कर उनके अनुभव जानने के लिए भी प्रेरित किया।

देवभूमि की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों का करें प्रचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा जब दूसरे राज्यों में जाते हैं तो वे देवभूमि की संस्कृति, लोकपर्व, स्थानीय खान-पान, पर्यटन स्थलों, होम-स्टे, स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स और हस्तशिल्प की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि चारधाम के साथ आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन पर्यटन और साहसिक पर्यटन जैसे अनेक आकर्षण उत्तराखंड की पहचान हैं। इनकी जानकारी देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

महिला स्वयं सहायता समूहों और कारीगरों के उत्पादों को मिलेगी पहचान

सीएम धामी ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में भी युवा प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण केवल पर्यटन या भ्रमण तक सीमित न रहकर युवाओं के बीच विचार, अनुभव, संस्कृति और नवाचारों के आदान-प्रदान का माध्यम बनना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश की विविधता को समझने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में किए जा रहे अच्छे कार्यों से सीखने और उन्हें अपने प्रदेश के विकास से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *