उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, यूसीसी, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और चारधाम यात्रा पर भी रखे विचार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को देहरादून में आईएसबीटी के निकट एक होटल में एक न्यूज चैनल द्वारा आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में प्रतिभाग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्णयों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
यूसीसी से महिलाओं को मिले समान अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका बढ़ाने से जुड़ी विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की प्राथमिकता है तथा भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है। सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उत्तराखंड अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण, पर्यटन का विस्तार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।