देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पुल, पार्किंग और अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 31 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधमसिंहनगर और चम्पावत जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा भुट्टोवाला के वार्ड नंबर-3 में बंगला नाला के ऊपर 30 मीटर स्पान पीएससी गर्डर पुल के निर्माण के लिए 3.16 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है।
इसी क्रम में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र, पिथौरागढ़ में चंडाक-बांस-आंवलाघाट-गंगोलीहाट मोटर मार्ग पर रामगंगा नदी में 60 मीटर स्पान, 1.50 मीटर लेन स्टील गर्डर मोटर सेतु के निर्माण के लिए 15.30 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है।
वहीं राज्य योजना के तहत खटीमा विधानसभा क्षेत्र, ऊधमसिंहनगर में मेलाघाट मेन रोड से बग्घा कॉलोनी होते हुए मयूर विहार सेक्टर-2, 3 वार्ड नंबर-09 शीर्ष मार्ग के इंटरलॉकिंग टाइल्स से पुनर्निर्माण के लिए 3.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
एसडीआरएफ के 108 कार्मिकों को मिलेगा पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने महाकुंभ मेला-2025 के सफल एवं सुरक्षित संचालन में योगदान देने वाले एसडीआरएफ के 108 कार्मिकों को पुरस्कार स्वरूप कुल 5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन किया है।
चम्पावत में मल्टी लेवल पार्किंग को मंजूरी
चम्पावत जिले के देवीपुरा क्षेत्र के ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण के लिए 9.80 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित करने का भी अनुमोदन किया गया है।
पेंशनरों की महंगाई राहत दर में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने छठवें केंद्रीय वेतनमान के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल तथा पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत दर बढ़ाने का भी अनुमोदन किया है।
इसके तहत महंगाई राहत की दर—
- 1 जनवरी 2025 से 252 प्रतिशत
- 1 जुलाई 2025 से 257 प्रतिशत
- 1 जनवरी 2026 से 262 प्रतिशत प्रतिमाह
किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
इन फैसलों से प्रदेश में सड़क एवं पुल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था में सुधार और पेंशनरों को बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।