332 युवाओं को सरकारी सेवा का तोहफा, मुख्यमंत्री धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र - Seva Bharat Times

332 युवाओं को सरकारी सेवा का तोहफा, मुख्यमंत्री धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र

आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग के 271 तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही उनके जीवन में जनसेवा की नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कार्मिकों से सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

नौकरी नहीं, जनसेवा का माध्यम समझें जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त कार्मिक अपनी सरकारी सेवा को केवल नौकरी के रूप में न देखें, बल्कि इसे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में पहुंचने वाले लोगों को व्यवस्था से काफी उम्मीदें होती हैं। कार्मिकों की संवेदनशीलता, तत्परता और कार्यकुशलता इस भरोसे को और मजबूत करती है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया पर कठोर कार्रवाई के साथ सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं।

पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

आयुष सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर

आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। नवनियुक्त कार्मिकों के आने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कार्मिकों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, आकांक्षा कोण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *