मुख्यमंत्री धामी को मिला ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ का सम्मान, सिख समुदाय ने किया भव्य अभिनंदन - Seva Bharat Times

मुख्यमंत्री धामी को मिला ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ का सम्मान, सिख समुदाय ने किया भव्य अभिनंदन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सिख समुदाय की ओर से ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। गुरु नानक देव जी महाराज के प्रथम प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुरुद्वारा गोविंदनगर, रेसकोर्स में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सिख समुदाय के प्रतिष्ठित लोगों ने मुख्यमंत्री को यह सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी एवं सिख समुदाय के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन दर्शन मानवता, प्रेम, समानता, सेवा और आपसी भाईचारे का अनुपम संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं समाज को जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने तथा निःस्वार्थ भाव से मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। आज के दौर में गुरु महाराज के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं।

धार्मिक आयोजन में दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। विभागीय प्रतिनिधियों ने गुरुद्वारे में पहुंचे श्रद्धालुओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही योजनाओं से संबंधित ब्रोशर एवं प्रचार सामग्री वितरित कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की इस पहल को जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी

इस अवसर पर उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमा, प्रतीक, कमल सिंह एवं प्रमोद सहित विभागीय अधिकारी, सिख समुदाय के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक श्रद्धा, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *