वाराणसी। प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर काशी को आकर्षक रूप देने के लिए व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर और दीवारों को सजाया जा रहा है। पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक रोशनी के जरिए शहर की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की तैयारी है।
दीवारों पर उकेरे जा रहे गंगा घाट और सुबहे बनारस के दृश्य

वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, काशी की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक विविधता को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से नमो घाट तक सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
दीवारों और भवनों पर गंगा की लहरों, घाटों, गंगा आरती और सुबहे बनारस से जुड़े दृश्य उकेरे जा रहे हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों के साथ काशी के गीत-संगीत और नृत्य की झलक भी सजावट का हिस्सा होगी।
डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों से सजेगा नमो घाट मार्ग

नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों वाले झंडे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इन प्रतीकों के माध्यम से मार्ग को काशी की आध्यात्मिक और धार्मिक पहचान के अनुरूप सजाने की योजना है।
एक रंग में रंगे जाएंगे भवन और दुकानें

चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में रंगने का काम जारी है। इसके साथ पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं।
नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें स्थापित की जा रही हैं, जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ लगाए जा रहे हैं। नमो घाट और गया घाट पर पेंटिंग का काम भी जारी है।
बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक होगी आकर्षक लाइटिंग

बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। बाबतपुर से फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग कराई जा रही है। वहीं, बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुलों पर फसाड लाइटिंग लगाई जा रही है।
इन कार्यों के पूरा होने पर एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रोशनी और रंगों से सजा नजर आएगा। सौंदर्यीकरण का उद्देश्य एयर शो के दौरान काशी आने वाले लोगों को शहर की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और उसकी सुंदरता को निखारना है।