सुवाखोली से गांव-गांव पहुंचेगा कृषक रथ, किसानों को बताएगा सरकारी योजनाओं का लाभ - Seva Bharat Times

सुवाखोली से गांव-गांव पहुंचेगा कृषक रथ, किसानों को बताएगा सरकारी योजनाओं का लाभ

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया शुभारंभ, किसानों को कृषि यंत्र, उन्नत बीज और योजनाओं के चेक किए वितरित

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत सुवाखोली में आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र एवं विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।

कृषकों से संवाद करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगा कृषक रथ

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को कृषि एवं बागवानी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने किसानों से केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि और बागवानी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पॉलीहाउस, मिलेट्स और कीवी जैसी फसलों को बढ़ावा

गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में पॉलीहाउस के साथ-साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को इसके लिए सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती के माध्यम से किसानों की आय में अतिरिक्त वृद्धि हो सके।

उन्होंने कहा कि किसान अब नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती में नए अवसर तलाश रहे हैं। सरकार किसानों को तकनीकी सहायता और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मृदा परीक्षण से लेकर प्राकृतिक खेती तक की जानकारी

कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन के अनुरूप आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन से जोड़ना जरूरी है। इससे किसानों के लिए आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग एवं कृषक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *