31 अगस्त तक और बढ़ सकता है आंकड़ा, खेल मंत्री रेखा आर्या ने तैयारियों को लेकर जिलाधिकारियों के साथ की बैठक
देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में इस वर्ष खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। पिछले वर्ष करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। ऐसे में इस वर्ष पंजीकरण का आंकड़ा पिछले साल की तुलना में काफी आगे निकल गया है।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
हर ब्लॉक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी पर जोर
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए हर ब्लॉक से कम से कम 2,000 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने जिला योजना से प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बजट बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।
31 अगस्त तक जारी रहेगा पंजीकरण
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए लगभग 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष अभी तक यह संख्या बढ़कर 2.35 लाख से अधिक हो चुकी है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है, ऐसे में आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
इन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष तथा 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। वहीं महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगी। इसके अलावा दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
खेल मंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई, उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।