ग्वालियर में 28 अगस्त से शुरू होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, 18 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
मसूरी। मसूरी सेंट लॉरेंस हाई स्कूल के व्यायाम अध्यापक एवं अंतरराष्ट्रीय ब्लाइंड फुटबॉल रैफरी सेमुएल चंद्र को आगामी राष्ट्रीय पार्शियली साइटेड ब्लाइंड फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 में रैफरी कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 28 अगस्त से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में किया जाएगा।
सेमुएल चंद्र मसूरी निवासी हैं और लंबे समय से ब्लाइंड फुटबॉल के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए निर्णायक की भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्हें निर्णायक मंडल के समन्वय की जिम्मेदारी मिलना मसूरी के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के 18 राज्यों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। इतने बड़े स्तर के आयोजन में रैफरी कोऑर्डिनेटर के रूप में सेमुएल चंद्र का चयन उनकी खेल प्रतिभा, अनुभव, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सेमुएल चंद्र को मिली इस उपलब्धि पर मसूरी के खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि मसूरी जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के समन्वय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हासिल करना शहर के लिए गर्व का विषय है।
खेल जगत से जुड़े लोगों ने सेमुएल चंद्र को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनकी विशेषज्ञता और अनुभव प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।