सशक्त बहना उत्सव में सीएम धामी ने खरीदे स्थानीय उत्पाद, प्रदेशवासियों से की खास अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी केवल एक वस्तु खरीदना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की मातृशक्ति, कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों के हुनर को सम्मान देना है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और वहां से विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

महिलाओं की मेहनत को मिलेगा बाजार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही है। ये उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, हुनर और स्थानीय पहचान से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की खरीदारी से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है और उनके स्वरोजगार को मजबूती मिलती है। स्थानीय स्तर पर तैयार प्रत्येक उत्पाद की खरीद किसी न किसी परिवार की आय बढ़ाने में योगदान देती है।

त्योहारी खरीदारी बनेगी बदलाव का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेशवासी त्योहारों पर उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदते समय स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्राथमिकता दें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

वोकल फॉर लोकल’ को बनाएं जन-अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान ने देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति विश्वास को मजबूत किया है। स्थानीय उत्पादों को अपनाकर प्रदेशवासी आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती दे सकते हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदें, स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करें तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-अभियान बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *