देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत भूमि विकास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को सिमला बाईपास स्थित पित्थुवाला खुर्द क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार पित्थुवाला खुर्द में सुभाष कश्यप द्वारा लगभग एक बीघा भूमि पर बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और स्वीकृत ले-आउट के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण और जांच के दौरान भूमि विकास कार्य नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए पूरी अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना स्वीकृति की जा रही प्लॉटिंग, कॉलोनी विकास और निर्माण गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध विकास गतिविधियां न केवल शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि भविष्य में सड़क, जलापूर्ति, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में भी बाधा उत्पन्न करती हैं।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेष राणा तथा प्राधिकरण के सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी कर भूमि विकास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी भूखंड या संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और प्राधिकरण की स्वीकृतियों की जांच करने की अपील की।
वहीं प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।